सहरसा सदर अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा सदर अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन


सहरसा सदर अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन


सुपौल, 15 सितंबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में मंगलवार को महावीर चौक पर सहरसा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं हमले की घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार अभिषेक कुमार मुन्ना के साथ कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार एवं हमले की घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि मामले में डॉक्टर एसके आजाद के खिलाफ जल्द से जल्द उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास किया जाएगा तो आम लोगों की समस्याओं को सामने कौन लाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार के साथ हुई घटना को लेकर निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित होना चाहिए।

लक्ष्मण कुमार झा ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पत्रकार समुदाय के समर्थन में सामाजिक स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story