सात निश्चय-3’ के तहत शिक्षा को नई उड़ान: 213 प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज, जुलाई 2026 से पढ़ाई होगी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सात निश्चय-3’ के तहत शिक्षा को नई उड़ान: 213 प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज, जुलाई 2026 से पढ़ाई होगी शुरू


पटना, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘सात निश्चय-3’ के चौथे निश्चय ‘उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य’ के तहत राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है, ताकि छात्रों, विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

वर्तमान में राज्य के कुल 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंड ऐसे हैं, जहां कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए प्रथम चरण में इन सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही राज्य के पुराने एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। इन संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इन संस्थानों के अनुभवी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से विमर्श कर उनके सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से खासकर लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनकी सहभागिता और बढ़ेगी। वहीं, प्रतिष्ठित संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने से युवाओं को रोजगारपरक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी और इन संस्थानों का गौरव पुनः स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार यह पहल राज्य के चहुंमुखी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में राज्य को नई पहचान दिलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story