सारण शिक्षक निर्वाचन में पश्चिम चंपारण में 88.65% मतदान

WhatsApp Channel Join Now
सारण शिक्षक निर्वाचन में पश्चिम चंपारण में 88.65% मतदान


बेतिया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को पश्चिम चंपारण जिले में मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। जिले के सभी 18 प्रखंड मुख्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर कुल 1701 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। इनमें से 1508 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार जिले में कुल 88.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान करने वालों में 1283 पुरुष और 225 महिला मतदाता शामिल रहीं।

स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मतदान केंद्रों पर स्टेटिक फोर्स के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के लिए जोनल अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्था और प्रक्रिया का जायजा लिया। वहीं, जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर जिलेभर के मतदान केंद्रों से पल-पल की जानकारी प्राप्त की जा रही थी। प्रशासनिक मुस्तैदी, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम और अधिकारियों की सतत निगरानी के बीच जिले में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story