मैट्रिक परीक्षा 2026 में रुस्तम अली आवासीय विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, 99.2% विद्यार्थी सफल

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक परीक्षा 2026 में रुस्तम अली आवासीय विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, 99.2% विद्यार्थी सफल


किशनगंज, 29 मार्च (हि.स.)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक (10वीं) परीक्षा 2026 में किशनगंज जिले के रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय से कुल 127 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 126 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस प्रकार विद्यालय का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.2 प्रतिशत रहा, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है। परिणाम के अनुसार 113 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 11 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी तथा 2 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। वहीं 1 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहा। प्रथम श्रेणी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सफलता को विद्यालय की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में माज़ आलम ने 469 अंक (93.80 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।

मो. अबुज़र ने 468 अंक (93.60 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा कायनात अयाज़ ने 464 अंक (92.80 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, किशनगंज ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।

उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात भी कही गई।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story