मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजन और डॉक्टरों के बीच मारपीट

WhatsApp Channel Join Now


मुजफ्फरपुर 22 जुलाई (हि.स.)।

बिहार में मुजफ्फरपुर शहर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार देर रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते मरीज के परिजन और डॉक्टरों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के करीब तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।

घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन व अस्पताल कर्मी मौके पर जुट गए।

मृतका रामबाग निवासी 35 वर्षीय शबनम खातून है। परिजन के अनुसार, उन्हें मंगलवार को गंभीर हालत में सदर अस्पताल से रेफर कर एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और रात मे उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। डॉक्टरों का आरोप है कि पहले एक महिला ने गाली-गलौज शुरू की और इसके बाद 15-20 लोगों को बुला लिया। सभी लोग डॉक्टरों के चैंबर में घुस गए और एक डॉक्टर का कॉलर पकड़कर उनके साथ हाथापाई की।

परिजन का आरोप है कि मरीज की मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई। उनका कहना है कि घटना के बाद एसकेएमसीएच के कुछ छात्र वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।

परिजन ने आरोप लगाया कि हॉकी स्टिक से हमला किया गया, जिसमें उनके पक्ष के दो लोग घायल हो गए।

हंगामे की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी थाना और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन मृतका का शव लेकर अस्पताल से चले गए।

एसकेएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ सतीश कुमार ने बुधवार सुबह बातचीत में बताया कि मामले की जानकारी ली गई है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

अस्पताल प्रबंधन से मिली प्रारंभिक जानकारी में डॉक्टरों की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पहले परिजनों की ओर से डॉक्टरों के साथ हाथापाई की गई। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story