अडानी फाउंडेशन द्वारा ‘रन फॉर पीरपैंती’ का आयोजन, 250 से अधिक लोग हुए शामिल
भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अडानी फाउंडेशन पीरपैंती की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रन फॉर पीरपैंती” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 250 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ प्रखंड कार्यालय, पीरपैंती से किया गया। प्रतिभागी विभिन्न मार्गों से होते हुए रेफरल अस्पताल, पीरपैंती पहुंचे। जहां कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पीरपैंती में पर्यावरण जागरूकता को लेकर इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया है, जिससे युवाओं एवं आम लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश पहुंचा है। मौके पर प्रखंड प्रमुख रश्मि कुमारी, विधायक प्रतिनिधि रंजीत पासवान, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, सीओ चंद्रशेखर कुमार, 20 सूत्री अध्यक्ष हरिराम शर्मा, माणिकपुर मुखिया अरविंद शाह समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

