गैस किल्लत की अफवाहें भ्रामक, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध : डीएसओ

WhatsApp Channel Join Now
गैस किल्लत की अफवाहें भ्रामक, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध : डीएसओ


कटिहार, 01 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के कारण सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की अफवाहों का कटिहार जिला प्रशासन ने कड़ाई से खंडन किया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही, जिले में गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 6 प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा चुकी है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि जिले के तीनों अनुमंडलों (कटिहार, बारसोई और मनिहारी) में कार्यरत कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 11,810 घरेलू और 1,387 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त आज 8,648 और घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में घरेलू खपत के अनुसार गैस की सामान्य रूप से आपूर्ति जारी है।

कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें हो रही हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा, पटना) के निर्देशानुसार अवैध बिक्री रोकने के लिए 16 धावा दलों का गठन किया गया है। इन टीमों ने अब तक गैस एजेंसियों, होटलों और अन्य स्थानों पर 938 छापेमारी की है। इसके अलावा कंट्रोल रूम में प्राप्त 1220 शिकायतों में से 1219 का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें, धैर्य बनाए रखें और गैस वितरकों के यहां अनावश्यक भीड़ न लगाएं। आमजनों की सुविधा और गैस आपूर्ति में होने वाली कठिनाइयों के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story