आम जनता को नियमों की दुहाई, खास लोगों के लिए जहाज की अगुवाई

WhatsApp Channel Join Now
आम जनता को नियमों की दुहाई, खास लोगों के लिए जहाज की अगुवाई


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर के बियाडा घाट से जहान्वी घाट के बीच गंगा पार करना आम लोगों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रह गया है। रोजी-रोटी और जरूरी कामों के लिए रोजाना आवाजाही करने वाले यात्री घंटों जहाज और नाव के इंतजार में भटक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रसूखदारों के लिए विशेष इंतजाम किए जाने का मामला सामने आया है। 27 नवंबर की कुछ वायरल तस्वीरों और वीडियो ने स्थानीय प्रशासन और घाट प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (हालांकि, हम इन वायरल तस्वीरों और वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वायरल हो रही तस्वीरों में एक तरफ आम यात्री बदहाली और इंतजार से जूझते दिख रहे हैं, तो दूसरी तरफ पार्टी का झंडा और लोगो लगी गाड़ियां नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि मंत्री के सहायकों की गाड़ियों को पार कराने के लिए जहाज की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस दृश्य के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि व्यवस्था आम जनता के लिए है या केवल कुछ खास लोगों की सुविधा के लिए? यह पूरा प्रकरण इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में स्थानीय सांसद अजय कुमार मंडल की गाड़ी को गंगा पार कराने के दौरान नियमों का हवाला देते हुए जहाज से उतार दिया गया था। उस वक्त जिम्मेदार अधिकारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि इस तरह का कोई सरकारी आदेश नहीं है। अब आम जनता और बुद्धिजीवियों के बीच यह सवाल तैर रहा है कि जब एक जनप्रतिनिधि (सांसद) की गाड़ी के लिए नियम आड़े आ गए थे, तो मंत्री के सहायकों की गाड़ियों के लिए कौन-सा विशेष प्रावधान लागू हो गया? क्या नियमों की किताब में आम नागरिकों और सत्ता से जुड़े खास लोगों के लिए अलग-अलग अध्याय हैं? घाट पर जहाज में जगह और प्राथमिकता का निर्धारण किस आधार पर तय हो रहा है?क्या रोजमर्रा के जरूरी काम से जाने वाले आम यात्रियों से ज्यादा महत्वपूर्ण पार्टी का झंडा लगी गाड़ियां हो गई हैं? स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें नेताओं और अधिकारियों के भाषण नहीं, बल्कि बुनियादी सुविधा चाहिए। अब देखना यह होगा कि आम नागरिकों की राह आसान बनाने का दावा करने वाले जिम्मेदार अधिकारी इस दोहरे मापदंड पर क्या सफाई देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story