शिवलिंग का भव्य रुद्राभिषेक, उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
शिवलिंग का भव्य रुद्राभिषेक, उमड़े श्रद्धालु


भागलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय शहर के प्रतिष्ठित स्वर्गीय श्रद्धेय हंसराज जी बेतला के निवास स्थान पर रविवार को द्वादश ज्योतिर्लिंग के पार्थिव शिवलिंग के रुद्राभिषेक का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरा माहौल महादेव के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा। महादेव के इस विशेष पूजन और रुद्राभिषेक को संपन्न कराने के लिए बाबा बासुकीनाथ धाम से विशेष रूप से विद्वान पंडितों की टोली बुलाई गई थी।

पंडितों के सानिध्य में यजमानों ने पूर्ण विधि-विधान, दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल और पंचामृत से द्वादश ज्योतिर्लिंग स्वरूप पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया। बासुकीनाथ से आए आचार्यों द्वारा किए गए सस्वर मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में शहर की कई राजनीतिक, सामाजिक और चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की।

महादेव का आशीर्वाद लेने पहुंचे मुख्य अतिथियों में भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, माननीय महापौर (मेयर) श्रीमती डॉक्टर वसुंधरा लाल और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉक्टर श्री बिहारी लाल शामिल थे। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता मंतोष कापरी ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया और बाबा भोलेनाथ से लोक-कल्याण तथा शहर की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन के समापन पर महाआरती की गई, जिसमें उपस्थित सभी भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बेतला परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story