राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्याें ने खेली हाेली

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्याें ने खेली हाेली


दरभंगा, 02 मार्च (हि.स.)। घनश्यामपुर प्रखंड अंतर्गत तुमौल ग्राम स्थित संस्कार वैली पब्लिक स्कूल प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं व्यवस्था विद्यालय के संचालक सोनू सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में संघ के जिला कार्यवाह बेनीपुर सतेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान, जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली का पर्व हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक होली गीतों से पूरा परिसर उल्लासमय हो उठा। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और भारतीय जीवन मूल्यों की सुंदर अभिव्यक्ति बनकर उभरा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने कहा कि होली का पर्व हमें आपसी भेदभाव मिटाकर प्रेम, सद्भाव और एकजुटता के साथ समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि मन के मैल को दूर कर आपसी विश्वास और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का पावन अवसर है।उन्होंने कहा कि संघ सदैव सामाजिक समरसता, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों पर आधारित संगठनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है। होली का यह मिलन समारोह उसी विचार का जीवंत उदाहरण है, जहाँ बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक मंच पर आकर भाईचारे का संदेश देते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह सतेंद्र सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मूल विचार ‘संगठित, संस्कारित और समर्थ समाज’ का निर्माण है। होली जैसे पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story