प्रचार-प्रसार विभाग संस्थान और समाज के बीच सशक्त सेतु : ओमप्रकाश गुप्त

WhatsApp Channel Join Now
प्रचार-प्रसार विभाग संस्थान और समाज के बीच सशक्त सेतु : ओमप्रकाश गुप्त


सीवान, 18 जून (हि.स.)।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सारण विभाग के व्यवस्था प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश गुप्त ने गुरुवार को अपने प्रवास के दौरान सीवान स्थित महावीरपुरम परिसर में संचालित विद्या भारती बिहार के क्षेत्रीय प्रचार-प्रसार केंद्र कृष्णचंद्र गांधी मीडिया सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया सेंटर की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर उसके कार्यों की सराहना की।

मीडिया सेंटर पहुंचने पर प्रचार-प्रसार विभाग की ओर से गुप्त का अंगवस्त्र एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर मीडिया सेंटर के समन्वयक नवीन सिंह परमार ने उन्हें विद्या भारती मीडिया सेवा के माध्यम से संचालित प्रचार-प्रसार गतिविधियों, मीडिया प्रबंधन एवं संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। भ्रमण के दौरान श्री गुप्त ने मीडिया सेंटर में संचालित विभिन्न विभागों एवं प्रचार-प्रसार कार्यों का अवलोकन किया तथा कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी संस्थान की सुदृढ़ता और प्रभावशीलता में उसके प्रचार-प्रसार विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संस्थान के विचार, कार्य और उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने में प्रचार-प्रसार विभाग एक सशक्त सेतु का कार्य करता है।

उन्होंने कृष्णचंद्र गांधी मीडिया सेंटर द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

ऐसे प्रयासों से संस्थान की सकारात्मक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है। इस अवसर पर महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कमलेश नारायण सिंह, प्रभारी प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह एवं मीडिया सेंटर के कार्यालय सहायक सचिन कुमार पर्वत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story