राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : प्रवीर
सीवान, 22 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर जी ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए संघ द्वारा निर्धारित दस सामाजिक कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के तैलचित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सारण विभाग कार्यवाह प्रभात रंजन, सीवान जिला प्रचारक बसंत कुमार, सह जिला कार्यवाह बिनोद पाण्डेय, जिला संपर्क प्रमुख गिरीश कुमार तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रवीर कुमार ने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माता नहीं, बल्कि राष्ट्र के वर्तमान और भविष्य का भी आधार है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण, नागरिक कर्तव्यों का पालन, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना जैसे मूल्यों को अपनाकर ही विकसित और सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जाति, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक आधार पर भेदभाव समाज को कमजोर करता है। सभी भारतीय एक परिवार के सदस्य हैं और परस्पर सम्मान, सहयोग तथा आत्मीयता की भावना ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है।
उन्होंने विद्यार्थियों से परिवार में संस्कारों को अपनाने, माता-पिता एवं बड़ों का सम्मान करने और भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आग्रह किया। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया। विद्यार्थियों से वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बताते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
प्रवीर कुमार ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। अनुशासन, कानून का सम्मान, मतदान, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना एक आदर्श नागरिक की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को जीवन का लक्ष्य बनाने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मीडिया प्रभारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर उप प्राचार्य आशुतोष कुमार, देवानंद श्रीवास्तव, मुरली मनोहर मिश्र, सच्चितानंद पाण्डेय, योगेन्द्र राय, हरदीप सिंह, प्रीति कुमारी, अंकिता, सुमन कुमारी, कुंदन कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

