ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' के तहत बक्सर स्टेशन पर कार्रवाई, चोरी का महंगा स्मार्टफोन बरामद

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' के तहत बक्सर स्टेशन पर कार्रवाई, चोरी का महंगा स्मार्टफोन बरामद


बक्सर, 15 जुलाई (हि.स.)।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेन में यात्री का मोबाइल चोरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में विशेष निगरानी अभियान के दौरान की गई।

आरपीएफ की विशेष टीम, जिसमें उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, प्रधान आरक्षी अशोक कुमार तथा आरक्षी दीपक कुमार शामिल थे, ने बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर एक संदिग्ध युवक को भागते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजन कुमार उर्फ रंजन (28 वर्ष), निवासी सिकरौल लख, जिला बक्सर बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक महंगा स्मार्टफोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गाड़ी संख्या 09026 दानापुर-वलसाड स्पेशल ट्रेन में रात के समय भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था।

आरपीएफ ने बरामद मोबाइल को जब्त कर आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर के हवाले कर दिया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से भीड़भाड़ के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story