जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन, 464 युवाओं को मिला रोजगार

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन, 464 युवाओं को मिला रोजगार


कटिहार, 18 नवंबर (हि.स.)। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के निदेशानुसार जिला नियोजनालय के तत्वावधान में बुधवार को डहेरिया स्थित संयुक्त श्रम भवन परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उप महापौर मो. मंजूर खान, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, एसडीओ डॉ. सूरज कुमार एवं ओएसडी अभिषेक रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मेले में 25 निजी नियोजकों द्वारा कुल 1246 अभ्यर्थियों के बायोडाटा लिए गए, जिनमें से 464 युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व अन्य अतिथियों ने इस मेले को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां युवाओं को रोजगार देने आई हैं, जो बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। अतिथियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कौशल विकास करें और जहां भी चयनित हों, वहां पूरी ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करें, ताकि कंपनियां प्रेरित होकर जिले के और अधिक युवाओं को अवसर दें। साथ ही जो युवा नौकरी के बजाय स्वरोजगार करना चाहते हैं, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया।

मेले में जिला नियोजनालय (एनसीएस व बिहार रोजगार सेतु निबंधन), समुद्रपार नियोजन ब्यूरो, डीआरसीसी, सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, आरसेटी, आईसीडीएस, आईटीआई, जीविका, उद्योग विभाग और जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहित कुल 10 सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर 569 युवाओं को व्यावसायिक व स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। संध्या 5 बजे जिला नियोजन पदाधिकारी मो. तौसीफ क्याम, श्रम अधीक्षक पिटर मिंज, डीआरसीसी प्रबंधक अलका प्रकाश, कनीय सांख्यिकी सहायक रविन्द्र पासवान, कुंदन हांसदा, प्रधान लिपिक इन्द्रदेव प्रसाद, यंग प्रोफेशनल संजीव कुमार तथा जिला कौशल प्रबंधक विवेक कुमार व सुधा रंजन सहित अन्य कर्मियों की मौजूदगी में मेले का सफल समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story