हरसिद्धि के रोशन कुमार बने गृह मंत्रालय में अधिकारी, मुखिया ने किया सम्मानित
पूर्वी चंपारण,18 अप्रैल (हि.स.)।
जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के घीवाढार पंचायत अंतर्गत गोविंदापुर बाजार निवासी रोशन कुमार ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उनका चयन गृह मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर हुआ है, इस उपलब्धि से पूरे प्रखंड में खुशी की लहर है। रोशन कुमार, जयप्रकाश प्रसाद के पुत्र हैं,उनकी माता संध्या देवी एक शिक्षिका हैं, जबकि पिता छोटे व्यवसायी हैं।
साधारण परिवार से आने वाले रोशन ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। वर्तमान में वे केंद्रीय सचिवालय, लखनऊ में सहायक पद पर कार्यरत हैं। रोशन की इस सफलता पर धीवाढार पंचायत के मुखिया वीरेंद्र कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया,इस अवसर पर उन्होंने रोशन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही उन्होंने जयप्रकाश प्रसाद एवं उनके पूरे परिवार को बधाई देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग और संस्कारों का ही परिणाम है कि रोशन आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी रोशन कुमार की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है, ग्रामीणों का कहना है कि रोशन की सफलता से हरसिद्धि प्रखंड को नई पहचान मिली है और यह अन्य युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी, सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए और ऊंचाइयों को छूने की शुभकामनाएं दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

