रोल प्ले प्रतियोगिता में सुपौल ने हासिल किया दूसरा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
रोल प्ले प्रतियोगिता में सुपौल ने हासिल किया दूसरा स्थान


सुपौल, 07 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना (एनपीईपी), एनसीआरटी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय भूमिका निर्वहन राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में सुपौल की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया है।

रोल प्ले टीम ने पटना के श्री कृष्ण विज्ञान भवन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रस्तुति दी।सुपौल टीम ने सपनों का कोई लिंग नहीं होता, थीम पर लैंगिक समानता का सशक्त संदेश दिया। पटना से लौटे रोल प्ले टीम को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने अपने कार्यालय में प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि चाहे खेल का मैदान हो, विज्ञान का क्षेत्र हो या आसमान की ऊंचाइयां, महिलाओं और पुरुषों ने समय-समय पर यह साबित किया है कि मेहनत की कोई सीमा नहीं होती। सपना देखने और साकार करने में भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने रोल प्ले की टीम को आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। डीपीओ आलोक शेखर ने भी टीम से प्रतियोगिता से सबंधित जानकारी ली और प्रोत्साहित किया।

रोल प्ले की टीम में किशनपुर प्रखंड के सिसौनी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय छात्र व छात्राएं शामिल थे। मार्गदर्शक शिक्षिका रीता कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए डीईओ और डीपीओ ने टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि टीम में दिनेश कुमार, रमेश कुमार, आयुष कुमार, आशा कुमारी और गुलसबा परवीन शामिल थीं। रोल प्ले प्रतियोगिता में विषय चयन, संवाद लेखन, प्रस्तुति और अभ्यास की बदौलत जिले को राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। स्कूल में भी शिक्षकों व छात्रों ने रोल प्ले टीम का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story