8 सितंबर को सुपौल में लगेगा रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
8 सितंबर को सुपौल में लगेगा रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा


सुपौल, 01 सितंबर (हि.स.)।

युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, सुपौल की ओर से 8 सितंबर 2026 (मंगलवार) को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला (रोजगार मेला) आयोजित किया जाएगा। मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक संयुक्त श्रम भवन परिसर, जिला नियोजनालय, सुपौल में आयोजित होगा। आयोजन स्थल सरकारी आईटीआई सुपौल के समीप डीआरसीसी के ठीक पीछे स्थित है।

जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार रोजगार मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों पर 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें वित्त, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन, सुरक्षा गार्ड, स्वास्थ्य एवं हॉस्पिटैलिटी सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी।

मेले में 8वीं, 10वीं, केवाईपी, 12वीं, स्नातक, आटीआई, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण युवक-युवतियां भाग लेकर अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। निजी क्षेत्र के स्थानीय एवं बाहरी नियोजक भी इसमें शामिल होंगे तथा रोजगार की तलाश कर रहे जिले के युवाओं का चयन किया जाएगा। जिला नियोजनालय द्वारा बताया गया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बिहार रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से स्पॉट रजिस्ट्रेशन एवं चयन की प्रक्रिया भी कराई जाएगी।

मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य शैक्षणिक प्रमाण-पत्र/दस्तावेज लाने होंगे। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक योग्य युवक-युवतियों से 8 सितंबर को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story