रामनवमी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 250 स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात
किशनगंज, 25 मार्च (हि.स.)। रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से जिले के 250 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शहरी क्षेत्र में चार गश्ती दल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ तैनात रहेंगे, जबकि प्रखंड स्तर पर भी दो-दो गश्ती दल सक्रिय रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी थानाध्यक्ष, बीडीओ एवं सीओ को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जुलूस और कुछ स्थानों पर लगने वाले मेलों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व से ही पुलिस द्वारा भ्रमण किया जा रहा है तथा जुलूस के रूट मैप को लेकर भी पूर्व तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर में भव्य शोभायात्रा को लेकर बुधवार को एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-वन गौतम कुमार एवं सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने जुलूस के गुजरने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने जुलूस के दौरान उत्तेजक एवं भड़काऊ गाने बजाने तथा धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि एहतियात के तौर पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया गया है। एसपी संतोष कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया है। साथ ही रामनवमी शोभायात्रा के दौरान जुलूस के आगे एवं पीछे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

