सिपाही अभ्यर्थी से लूट और ऑनलाइन ठगी का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिपाही अभ्यर्थी से लूट और ऑनलाइन ठगी का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार


सीवान, 21 जून (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र में सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे एक अभ्यर्थी से लूट एवं ऑनलाइन ठगी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन तथा पीड़ित का छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। साथ ही ठगी की राशि जिस बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी, उसे फ्रीज करा दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि 14 जून 2026 की शाम करीब छह बजे एक युवक बिहार मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा देकर रेलवे पटरी के रास्ते सिवान रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात अपराधियों ने उसे रोककर मारपीट का भय दिखाया और उसका मोबाइल फोन, छह हजार रुपये नकद तथा सोने का लॉकेट छीन लिया।

इसके बाद अपराधियों ने उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से 25 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। एसपी ने बताया कि नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 318(4), 316(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(सी) व 66(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और यूपीआई ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर चार अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में नया किला निवासी मो. प्रिंस उर्फ कैश, खोदाईवारी निवासी इमरान अली उर्फ हीरा, हरिहांस निवासी अबुतलाहा तथा खोदाईवारी निवासी फरहान शेख शामिल हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन तथा पीड़ित का एक मोबाइल बरामद किया है। एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि जिस बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से राशि भेजी गई थी, उसे बैंक के सहयोग से फ्रीज करा दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा साइबर एवं लूट की घटनाओं में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story