सुपौल में सड़क पर फुटकर दुकानदारों का कब्जा,जाम की मुख्य वजह

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में सड़क पर फुटकर दुकानदारों का कब्जा,जाम की मुख्य वजह


सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज बाजार के मुख्य चौक दुर्गा मंदिर से लेकर युगल चौक तक सड़क किनारे फुटकर की दुकानें सजती है।

इसके कारण सड़क संकीर्ण हो जाती है। इससे हर दिन दोपहर 12 बजे के बाद से शाम आठ बजे तक बाजार में जाम लगा रहता है। बाजार में हर दिन लग रहे जाम से हलकान रहते हैं। यह सड़क त्रिवेणीगंज को मधेपुरा जिले के शंकरपुर प्रखंड से जोड़ती है। दुर्गा मंदिर के पास दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली एक और सड़क है जो मंदिर के पश्चिम भाग में है जो पहले से पूरी तरह अतिक्रमित है जिस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

सड़क पर बेतरतीब ढंग से लगी दुकानों के कारण दिन में भारी वाहनों को इस रास्ते से गुजरने में ही काफी परेशानी होती है, जिससे हमेशा जाम की स्थिति बन जाती है। बाजार में फुटकर विक्रेताओं के लिए कोई विशेष स्थान नहीं बनाया गया है। इसके कारण सब्जी विक्रेता सड़क किनारे जहां-तहां दुकानें सजा देते हैं। बता दें कि त्रिवेणीगंज बाजार में मंगल हाट और शनिचर हाट काफी वर्षो से लगता चला आ रहा था।

मंगल हाट और शनिचर हाट की जगह अतिक्रमित होने से दोनों का अस्तित्व ही खत्म हो गया है। सब्जी मंडी के लिए कोई निश्चित जगह नहीं होने से फुटकर विक्रेता सड़कों पर ही अपनी दुकान सजा देते हैं। मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर चौक और युगल चौक के अलावा शाहिद चौक से मेला ग्राउंड जाने वाली सड़क के मुहाने पर भी फुटकर विक्रेताओं द्वारा दुकाने सजाने से इस मार्ग में भी हमेशा जाम लगता है।

मंगल और शनिचर हाट का इतिहास काफी पुराना - मंगल बाजार में लगने वाले मंगल हाट का इतिहास काफी पुराना है। तकरीबन पचास सालों से भी ज्यादा समय से इस जगह हाट लगता रहा, लेकिन देखरेख के अभाव में मंगल बाजार का हाट खत्म हो गया। ठीक इसी तरह पुराने बड़ी गद्दी चौक पर शनिचर हाट लगा करता था, लेकिन सरकार द्वारा सैंडी सोप बना दिये जाने से शनिचर हाट भी गुमनाम हो गया। अब दोनों ही मंगल व शनि हाट त्रिवेणीगंज में सिर्फ नाम रह गया है। इन हाट का अस्तित्व सिमट जाने के बाद अब हाट सड़कों के किनारे लगने लगी है। अंतर बस इतना है कि इनके नाम के साथ मंगल और शनिचर नहीं है। मंगल हाट व शनिचर हाट एक निश्चित स्थान पर लगा करती थी, लेकिन इन हाट की जगहों पर अतिक्रमण होने से सब्जी और फुटकर सामान बेचने वाले लोग सड़कों के किनारे मजबूरन दुकान लगाते हैं। इसके कारण बाजार में बराबर जाम लगता है और लोग परेशान रहते हैं। लोगों का कहना है कि जब तक फुटकर विक्रेताओं को स्थाई जगह पर शिफ्ट नहीं किया जाएगा तब तक बाजार में जाम की समस्या बनी रहेगी।

दोपहर बाद पैदल चलने में भी लोगों को होती मुश्किल - मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से शंकरपुर जाने वाली सड़क पर जाम की समस्या इतनी विकट है कि आपात स्थिति हो या फिर एम्बुलेंस को आने जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दोपहर बाद बाजार में जाम लगने से लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत होती है। इस सम्बंध में नगर परिषद के मुख्य पार्षद संगीता कुमारी यादव ने बताया कि जाम के स्थायी समस्या का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story