बेनीपुर-मनीगाछी सड़क की 12वीं बार गुणवत्ता जांच

WhatsApp Channel Join Now
बेनीपुर-मनीगाछी सड़क की 12वीं बार गुणवत्ता जांच


दरभंगा, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

जिेला में बेनीपुर से मनीगाछी प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली करीब 18.64 किलोमीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता की जांच शनिवार को केंद्रीय गुणवत्ता एजेंसी के अधिकारी जगदीश गर्ग ने की। जांच के दौरान सड़क की खुदाई कर मोटाई मापी गई और निर्माण सामग्री के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए दिल्ली स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

23.92 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क का निर्माण जुलाई 2024 में शुरू हुआ था और जनवरी 2026 तक पूरा होना निर्धारित था। हालांकि, सझुआर में 760 मीटर, बाजितपुर में 540 मीटर और भंडारिसम में 2200 मीटर सड़क निर्माण लंबित बताया गया है। सड़क पर गिट्टी उखड़ने और ढलाई वाले हिस्से में खुरदरापन आने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

सड़क की गुणवत्ता जांच के लिए मिथिला संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. राम मोहन झा ने राज्य और केंद्रीय एजेंसियों से आग्रह किया था। जांच अधिकारी जगदीश गर्ग ने कहा कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही सड़क की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट होगी। वहीं, आरडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सुनील कुमार प्रसाद ने प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य को संतोषजनक बताया।

बार-बार जांच पर निर्माण एजेंसी ने जताई नाराजगी

निर्माण एजेंसी के प्रोपराइटर सुमन कुमार झा ने बताया कि सड़क की यह 12वीं गुणवत्ता जांच है। उनके अनुसार, पिछली 11 जांचों में निर्माण कार्य संतोषजनक पाया गया था। उन्होंने दावा किया कि तीनों स्थानों पर लंबित बताए जा रहे सड़क हिस्सों का निर्माण पहले ही आरईओ बेनीपुर द्वारा कराया गया था, जबकि शेष 15.64 किलोमीटर सड़क उनकी एजेंसी ने बनाई है। बार-बार जांच पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई होने पर विभाग के विरुद्ध मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा करेंगे। अब सड़क की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story