सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर सड़क का निर्माण,प्रशासन को वीडियो भेज शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर सड़क का निर्माण,प्रशासन को वीडियो भेज शिकायत


अररिया, 05 फरवरी (हि.स.)। बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज शहर के मुख्य सड़क मार्ग सदर रोड के निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है। निर्माण कार्य करा रही एजेंसी की ओर से बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर स्थानीय निवासी प्रमोद पांडिया ने डीएम अररिया को मेल के माध्यम से शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रमोद पांडिया ने डीएम को कई बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि निर्माण स्थल पर किसी तरह का सूचना बोर्ड या साइन बोर्ड नहीं है। डायवर्सन नहीं होने के कारण स्कूली बच्चों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।रात में सड़क पर पड़े पत्थर और गड्ढे बड़े हादसों को आमंत्रित कर रहा है।

प्रमोद पांडिया ने साक्ष्य के तौर पर डीएम को वीडियो सौंपा है और हस्तक्षेप करते हुए तत्काल संवेदक को सूचना बोर्ड और डायवर्सन की व्यवस्था सुदृढ़ कराने की मांग की गई है।उन्होंने सुरक्षित,सुंदर और स्वच्छ फारबिसगंज की कल्पना को साकार करने के लिए सोशल मीडिया पर भी लामबद्ध होने की गुहार लगाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story