जाह्नवी चौक से पटना तक गंगा के तट पर सड़क निर्माण की योजना को नई गति मिलने की जगी उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
जाह्नवी चौक से पटना तक गंगा के तट पर सड़क निर्माण की योजना को नई गति मिलने की जगी उम्मीद


भागलपुर, 30 जून (हि.स.)। जिले के नवगछिया स्थित जाह्नवी चौक से अगुवानी होते हुए पटना तक गंगा के तट पर सड़क निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। इस परियोजना को लेकर दो दिन पूर्व नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक हुई।

पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने बताया कि बैठक में बिहार की कई राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर सकारात्मक सहमति बनी। नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने मंगलवार को बताया कि लगभग 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं को नई गति मिली है। साथ ही अगुवानी घाट से पटना तक गंगा के उत्तरी तट पर सड़क निर्माण के महत्वाकांक्षी प्रस्ताव पर भी सकारात्मक सहमति बनी है।

इस परियोजना के साकार होने से उत्तर बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी तथा आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा।

मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार के समन्वित प्रयासों से विकसित बिहार के संकल्प को लगातार नई दिशा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक एवं सुरक्षित सड़क अवसंरचना के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में पुलों की स्थिति को लेकर उठाए जा रहे सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

इसी क्रम में बिहार के 400 से अधिक पुलों का तकनीकी सुरक्षा परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में जहां भी किसी प्रकार की तकनीकी कमी मिलेगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि सुरक्षित, सुदृढ़ और विश्वसनीय सड़क एवं पुल अवसंरचना का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story