हाईवा ट्रक घर में घुसा, बच्चों सहित परिवार घायल

WhatsApp Channel Join Now
हाईवा ट्रक घर में घुसा, बच्चों सहित परिवार घायल


मधेपुरा, 26 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत मधुबन पंचायत अंतर्गत उदा वार्ड संख्या-02 में एनएच-106 पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा, जिससे घर में मौजूद बच्चों सहित परिवार के कई सदस्य आंशिक रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में जीरा मेटल गिट्टी लोड था और वह झारखंड से मधेपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उदा बाजार और उदाकिशुनगंज नगर परिषद सीमा के बीच चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे लक्ष्मण पंडित के घर में घुस गया।

घटना के समय घर के सभी सदस्य खाना खा रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ ट्रक घर में घुसते ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को घर से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल गृहस्वामी लक्ष्मण पंडित के पत्नी मिरा देवी ने बताया कि हम लोग घर में खाना खा रहे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज हुई और ट्रक घर में घुस गया। किसी तरह ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक राहुल यादव कहलगांव और खलासी संतोष कुमार झारखंड को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story