अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साला गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साला गंभीर


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेलही पुल पर शुक्रवार को पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर वार्ड संख्या-4 निवासी रामचंद्र मेहता (55) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे उनके साले राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल राजेंद्र मेहता को प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, रामचंद्र मेहता अपनी पुत्री नीतू कुमारी, साले राजेंद्र मेहता, उनके पुत्र नीतीश कुमार, पत्नी और पुत्री के साथ निजी काम से चिलौनी दक्षिण पंचायत के दीवानगंज आए थे।

शुक्रवार को सभी लोग दो मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। नीतीश कुमार अपनी पत्नी और पुत्री के साथ एक बाइक से आगे निकल गए थे, जबकि रामचंद्र मेहता अपने साले राजेंद्र मेहता के साथ दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। इसी दौरान बेलही पुल के पास पीछे से तेज गति में आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। रामचंद्र मेहता को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही थी।

पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। रामचंद्र मेहता की मौत की सूचना मिलते ही उनके पुत्र जीवछ कुमार सहित अन्य परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story