सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
सुपौल, 30 जुलाई (हि.स.)।
जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही में गुरुवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण हरियाही के पास ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर अड़े रहे।मृतक की पहचान हरियाही वार्ड संख्या-7 निवासी 68 वर्षीय देव नारायण राउत के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बांस लदे तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने शव के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओवरब्रिज निर्माण की मांग करने लगे। प्रदर्शन में निर्मली प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश कुमार यादव भी शामिल हुए और ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया।सूचना मिलने पर निर्मली के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) धीरज कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अनुपेश नारायण तथा प्रभारी अंचलाधिकारी शाहिना बेगम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर डटे रहे। उनका कहना था कि हरियाही के पास फोरलेन बनने के बाद से इस स्थान पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।
प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश कुमार यादव ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस स्थान पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग इस मांग को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।करीब ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि हरियाही में ओवरब्रिज निर्माण की मांग से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा।
इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो सका। सुबह लगभग नौ बजे शुरू हुआ जाम करीब 11:40 बजे समाप्त हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

