पिकअप की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत
अररिया 21 नवम्बर(हि.स.)।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के दियारी मजगामा मिडिल स्कूल चौक के पास बीती देर रात पिकअप की टक्कर से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। टक्कर के बाद महिला वाहन में फंस गईं और काफी दूर तक घिसटती चली गईं।
मृतका की पहचान दियारी मजगामा वार्ड नंबर 7 निवासी शेख कबीर की पत्नी साबुना खातून के रूप में हुई है। पिकअप बिस्किट से लदा था।
परिजनों के अनुसार, साबुना खातून घर के पास ही एक रिश्तेदार से जड़ी-बूटी की दवा लेने जा रही थीं। इसी दौरान मिडिल स्कूल चौक के पास पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया।जहां पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

