कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
भागलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बायपास सड़क पर टोल प्लाजा के समीप शनिवार को एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रीमियम बाइक पर सवार दोनों युवक जीरोमाइल की ओर जा रहे थे, जबकि कार सुल्तानगंज की दिशा से आ रही थी।
बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार अपेक्षाकृत अधिक थी। टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर लगभग दस से पंद्रह फीट दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। डायल 112 की टीम और लोदीपुर पुलिस की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से मायागंज अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई है।
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

