सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत, एक ने मौके पर तो दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत, एक ने मौके पर तो दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम


सुपौल, 17 अगस्त (हि.स.)। सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बीना पंचायत स्थित धरनीपट्टी वार्ड संख्या-14 में सोमवार को सड़क हादसे ने एक परिवार समेत पूरे गांव को गम में डुबो दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतको में धरनीपट्टी निवासी कुंदन कुमार (20), पिता स्वर्गीय उपेंद्र यादव और अखिलेश कुमार (24), पिता राजेंद्र यादव है।

बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से किसी जरूरी काम के सिलसिले में सुपौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लोहड़ पंचायत के सरही मलिकाना स्थित स्कूल के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। दुर्घटना में अखिलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।

एक साथ दो मौतों से गांव में मातम

दो चचेरे भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही धरनीपट्टी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में शोक के साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story