शादी से आठ दिन पहले युवक की सड़क हादसे में मौत, घर की खुशियां मातम में बदली

WhatsApp Channel Join Now
शादी से आठ दिन पहले युवक की सड़क हादसे में मौत, घर की खुशियां मातम में बदली


सुपौल, 11 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के हरदी दुर्गा स्थान के समीप सुपौल–सिंहेश्वर मुख्य सड़क मार्ग पर हरदी नहर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से उस परिवार में मातम पसर गया, जहां कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं।

मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा वार्ड संख्या-03 निवासी सोचेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को बिट्टू अपनी मौसी के घर हटबरिया से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हरदी नहर के समीप सेफ्टी टैंक लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।हादसे में बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि बिट्टू परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी शादी 19 जुलाई 2026 को निर्धारित थी और घर में तैयारियां अंतिम चरण में थीं।

रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था तथा परिवार में उत्सव का माहौल था। लेकिन एक सड़क हादसे ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं। जिस घर से कुछ दिनों बाद बारात निकलनी थी, वहीं अब युवक की अंतिम यात्रा निकली।घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story