घर लौट रहे तीन बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
घर लौट रहे तीन बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, दो घायल


सुपौल, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आसनपुर कुपहा स्थित कोसी टोल प्लाजा-दुर्गा मंदिर के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी गांव निवासी सरयुग पासवान के पुत्र अरविंद पासवान के रूप में हुई है। हादसे में अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा करीब पांच वर्ष और छोटा बेटा डेढ़ वर्ष का है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार तीनों युवक बाइक से टोल प्लाजा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।हादसे में मझारी गांव निवासी तेज नारायण राय के पुत्र श्रवण राय (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्वर्गीय राजकुमार राय के पुत्र सूरज राय (19) भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद श्रवण राय की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि सूरज राय का इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्य खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story