सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
सुपौल, 12 जून (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में एनएच-327 एडी पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सरायगढ़ पंचायत निवासी 43 वर्षीय अनिल कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार यादव गुरुवार को भपटियाही बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरायगढ़ गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए नेपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इलाज के दौरान हुई मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। शव गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। अनिल कुमार यादव सरायगढ़ पंचायत के पूर्व मुखिया छेदी यादव के पौत्र तथा शिव कुमार यादव के पुत्र थे।
ग्रामीणों के अनुसार वह सामाजिक रूप से सक्रिय और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। अपने पीछे वह एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे की सूचना मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से चिंतित ग्रामीणों ने एनएच-327 एडी पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संकेतक बोर्ड लगाने और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

