सड़क हादसे में ऑटो सवार की मौत, दो घायल
सुपौल, 08 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा कुपारी मोड़ के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान जदिया वार्ड संख्या-15 निवासी बिनोद श्रविदेव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने घर से ऑटो पर सवार होकर अपने साले के घर जा रहे थे। इसी दौरान कुपारी मोड़ के निकट यह हादसा हो गया।
दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घायल सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन कई लोग उनकी मदद करने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। मृतक की पत्नी संजू देवी ने भी आरोप लगाया कि समय पर सहायता नहीं मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई।
इसी बीच वहां से गुजर रहे स्थानीय सरपंच एजाज भोज की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर घायलों को सहायता पहुंचाई और जदिया थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बिनोद श्रविदेव को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल रुदल श्रविदेव की हालत चिंताजनक बताई गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया। एक अन्य घायल का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार वालों ने बताया कि बिनोद परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे और उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

