राजद की बैठक में कोशी स्नातक विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर चर्चा
सुपौल, 27 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सुपौल जिला चुनाव अभियान समिति की बैठक रविवार को राघोपुर प्रखंड के एक निजी होटल में हुई। अध्यक्षता समिति के संयोजक एवं पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने की। बैठक में कोशी स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और मतदाताओं तक पहुंच बनाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सह संयोजक बैजनाथ मेहता, सचिव भूपनारायण यादव समेत पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यदुवंश कुमार यादव ने कहा कि पार्टी की ओर से नितेश कुमार यादव को प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने और मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया।
सह संयोजक बैजनाथ मेहता ने कहा कि जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। अभियान के दौरान स्नातक मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें सरकार की नीतियों और पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। बैठक में अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति तय की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

