शाहकुंड में राजद की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित, भ्रष्टाचार और बाढ़ मुआवजे को लेकर सरकार पर बरसे डॉ. चक्रपाणि हिमांशु

WhatsApp Channel Join Now
शाहकुंड में राजद की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित, भ्रष्टाचार और बाढ़ मुआवजे को लेकर सरकार पर बरसे डॉ. चक्रपाणि हिमांशु


भागलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के शाहकुंड थाना के समीप बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रखंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष कन्हैया प्रसाद सिंह ने की, जबकि मंच का सफल संचालन प्रधान महासचिव मोहम्मद मुर्तजा द्वारा किया गया।

बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सह पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने राज्य और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि सूबे में भ्रष्टाचार और अपराध चरम सीमा पर पहुंच चुका है। प्रखंड स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब परिवारों तक पहुंचाने के एवज में अधिकारी और कर्मचारी खुलेआम अवैध वसूली कर रहे हैं।

डॉ. हिमांशु ने पुरजोर मांग की कि बाढ़ और सुखाड़ के कारण जिन किसानों की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें अविलंब समुचित मुआवजा दिया जाए। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक फणींद्र चौधरी और पूर्व प्रत्याशी चंदन सिन्हा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन की मजबूती पर बल दिया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन पंचायत समिति सदस्य अनिल दास द्वारा किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय राजद कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story