नहर में डूबने से 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नहर में डूबने से 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत


सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के कर्णपुर वार्ड 11 स्थित सोनक गांव में नहर में डूबने से 39 वर्षीय संजय शाह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संजय रात में शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान नहर किनारे पैर फिसलने से वे गहरे पानी में जा गिरे। रात का समय होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने संजय की तलाश शुरू की।

जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और नहर के आसपास खोजबीन करने लगे। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने संजय को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

संजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि नहर किनारे रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहती है।

अंधेरे के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे रोशनी और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story