बढ़ती महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ले प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया

WhatsApp Channel Join Now
बढ़ती महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ले प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया


बढ़ती महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ले प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया


सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। खाद्य पदार्थों एवं रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में युवा कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ आज प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से सुपौल रेलवे स्टेशन चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। इसके बाद रेलवे स्टेशन चौक पर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।

इस दौरान युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। तेल, चीनी, चावल, दाल सहित रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली खाद्य सामग्री के दाम बढ़ने से गरीब, मजदूर, किसान और निम्न आय वर्ग के परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो दिनभर मेहनत-मजदूरी कर 400 से 500 रुपये प्रतिदिन कमाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बढ़ती महंगाई के कारण इन परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य जरूरी खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

लक्ष्मण कुमार झा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों का सबसे अधिक बोझ गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है और सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए राहत के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। यदि महंगाई पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में जनता इस मुद्दे पर सरकार को मजबूती से जवाब देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story