मूलभूत सुविधा के लिए तरशता रिक्शाडीह बस स्टैंड
भागलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कुछ माह पहले शहर से बाहर रिक्शाडीह में बस स्टैंड की शुरुआत की थी। पहले कोयला डिपो से बिहार, झारखंड और बंगाल जाने वाली बसों का संचालन होता था। जिससे शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी।
हालांकि रिक्शाडीह बस स्टैंड चालू होने के बाद भी यहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। बस स्टैंड पर न तो शौचालय की समुचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध है। गर्मी के इस मौसम में पूरा परिसर धूल से अटा पड़ा है। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं टिकट काउंटर भी अधिकतर समय बंद रहता है। जिससे यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी होती है। दूर-दराज से आने-जाने वाले लोग खास तौर पर इस अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बस स्टैंड पर आवश्यक सुविधाएं बहाल की जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

