सीवान में राष्ट्रीय एसपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 28 फ़रवरी (हि.स.)।सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ राष्ट्रीय एसपीवी टीकाकरण अभियान की आज औपचारिक शुरुआत की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अजमेर से अभियान का शुभारंभ किया गया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना में हुआ, जहां से पूरे बिहार के जिलों को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने संबोधित किया गया।

सीवान जिले में सदर अस्पताल परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी विवेक कुमार मैत्रेय, सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, नोडल पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डीएमओ डॉ. ओपी लाल, अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह तथा डॉ. अनूप कुमार दुबे सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।इस अवसर पर सदर प्रखंड की चयनित 20 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन ‘गार्डासिल’ की सिंगल डोज दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और निर्धारित आयु में टीकाकरण से भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जिलाधिकारी विवेक कुमार मैत्रेय ने कहा कि राष्ट्रीय एसपीवी टीकाकरण अभियान बालिकाओं के सशक्त स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जिले की सभी पात्र बालिकाओं तक यह सुविधा पहुंचे और किसी को भी इससे वंचित न रहना पड़े।

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। अभिभावकों को जागरूक होकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराना चाहिए। चरणबद्ध तरीके से सभी प्रखंडों एवं विद्यालयों में यह अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में तीन माह के अंदर जिले की पात्र 20880 बालिकाओं को गार्डासिल एचपीवी वैक्सीन की सिंगल डोज लगाई जाएगी.उन्होंने बताया कि तीन साल बाद इसे नियमित टीकाकरण में शामिल करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story