दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सांसद ने जताई नाराजगी
किशनगंज, 23 मई (हि.स.)। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद की अध्यक्षता में शनिवार को जिला परिषद स्थित सभागार में दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, एनएचएआई, खनन, विद्युत, उद्योग, कृषि, पीएचईडी, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, नगर निकाय एवं अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया।
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने पौआखाली क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सड़क को हाथ से उखाड़ने का वीडियो वायरल हो रहा है तथा निर्माण कार्य रात में बिना अभियंता और संवेदक की मौजूदगी के कराया जा रहा है।
सांसद ने दोषी संवेदक पर कार्रवाई और सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद कार्य में सुधार कराया गया है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है तथा दोषी संवेदकों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सांसद ने निजी अस्पतालों में निर्धारित शुल्क सूची और शिकायत हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
वहीं शिक्षा विभाग ने बताया कि जिले में करीब 200 शिक्षकों की पदस्थापना हुई है, लेकिन 900 शिक्षकों के स्थानांतरण के कारण शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
सांसद ने विद्यालयों में खराब आरओ को शीघ्र ठीक कराने और कंप्यूटरों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
एनएचएआई अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्णिया-दालकोला एनएच का को-टेंडर हो चुका है और 15 से 20 दिनों में कार्य शुरू हो जाएगा।
बैठक में टोल प्लाजा सुविधाओं और सर्विस लेन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

