भागलपुर में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की हुई समीक्षा
भागलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बुनियादी संरचना से संबंधित समीक्षा बैठक में जिले की विभिन्न लंबित विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जलापूर्ति, पुल निर्माण, सीवरेज व्यवस्था तथा बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। हर घर नल का जल योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पीएचईडी भागलपुर पूर्व के अंतर्गत 249 वार्डों में से 220 वार्डों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 29 वार्डों में कार्य प्रगति पर है। वहीं भागलपुर पश्चिम के तहत 160 टोलों में से 113 टोलों में कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष स्थानों पर कार्य जारी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 40 नए चापाकलों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी निविदा प्रक्रिया चल रही है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भीषण गर्मी के दौरान जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। बैठक में भोलानाथ पुल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। एसएम कॉलेज से मिर्जानहाट पथ पर बन रहे आरओबी का 96 प्रतिशत फाउंडेशन तथा 76 प्रतिशत सब-स्ट्रक्चर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का कार्य अभी लंबित है।
निर्माण कार्य में हो रही देरी पर डीएम ने खेद व्यक्त करते हुए कार्यकारी एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा तथा परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीवरेज एवं बाढ़ नियंत्रण योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बुडको द्वारा 45 एमएलडी एसटीपी तथा आई एंड डी परियोजना के अंतर्गत एसटीपी, एमपीएस और 6 आईपीएस का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 3 आईपीएस पर कार्य जारी है। वहीं इस्माइलपुर प्रखंड के बिन्दटोली में बाढ़ से सुरक्षा के लिए चल रहे एंटी-इरोशन कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि बाढ़ के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

