श्रावणी मेला को लेकर डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला को लेकर डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक


भागलपुर, 16 मई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर भागलपुर में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसको लेकर समीक्षा भवन सभागार में शनिवार को भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा तट से लाखों कांवरिया गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसे लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार और अधिक मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई जा रही है। मेले में कितने पुलिस बल की तैनाती होगी, ट्रैफिक व्यवस्था कैसी रहेगी और भीड़ नियंत्रण कैसे किया जाएगा। इन सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story