रिटायर्ड रेलकर्मी से दिनदहाड़े 50 हजार की छिनतई, हथियार के बल पर अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

WhatsApp Channel Join Now
रिटायर्ड रेलकर्मी से दिनदहाड़े 50 हजार की छिनतई, हथियार के बल पर अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम


भागलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी पोस्ट ऑफिस के समीप बाबूलाल होटल वाली गली में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने आतंक मचाया।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 50 हजार रुपये निकालकर जा रहे एक रिटायर्ड रेलकर्मी से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर नगदी छीन ली और फरार हो गए।

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की पहचान तिलकामांझी आनंदबाग निवासी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रिटायर्ड रेलकर्मी सेंट्रल बैंक से 50 हजार रुपये की निकासी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाबूलाल होटल वाली गली में दाखिल हुए, पहले से घात लगाए एक हेलमेट पहने अपराधी ने उन्हें रोक लिया। अपराधी ने अचानक हथियार निकाल लिया और जान से मारने का भय दिखाकर उनके पास रखे 50 हजार रुपये जबरन छीन लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही मुख्य सड़क की ओर भाग निकला। मुख्य सड़क पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाहर सड़क पर एक अन्य अपराधी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर उसका इंतजार कर रहा था। जैसे ही रुपयों से भरा बैग लेकर पहला अपराधी बाहर आया, दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर कचहरी चौक की ओर तेजी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जोगसर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित रेलकर्मी से मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story