राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर संगोष्ठी: पत्रकारिता की विश्वसनीयता व दायित्वों पर हुआ मंथन
कटिहार, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) सभागार में एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क शाखा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 'पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार' विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता महज एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्षता, तथ्यात्मक प्रामाणिकता और विश्वसनीयता ही पत्रकारिता की वास्तविक पहचान और उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल घटनाओं और खबरों को लोगों तक पहुंचाना भर नहीं है, बल्कि आमजन की आवाज बनना, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और सत्ता एवं व्यवस्था को जवाबदेह बनाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाना भी है।
वर्तमान दौर की चुनौतियों का जिक्र करते हुए डीएम ने कहा कि आज जब सूचनाओं की बाढ़ और भ्रामक खबरों की चुनौती हमारे सामने है, तब पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में यह आवश्यक है कि मीडिया अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखे। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सभी यह संकल्प लें कि कलम की गरिमा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनविश्वास को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखेंगे, क्योंकि पत्रकारिता की असली ताकत निर्भीकता और ईमानदारी के साथ लिखे गए सच में निहित है।
कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी वर्तमान पत्रकारिता की दशा-दिशा और चुनौतियों पर अपने बहुमूल्य विचार रखे। जिला पदाधिकारी ने सभी पत्रकारों के विचारों का स्वागत करते हुए इस संगोष्ठी को अत्यंत सार्थक, प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

