नारी शक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार और नारी नेतृत्व विकसित भारत का आधार : प्रीति शेखर

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार और नारी नेतृत्व विकसित भारत का आधार : प्रीति शेखर


पटना, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्यालय में रविवार नारी शक्ति से राष्ट्र शक्ति विषय पर आयोजित प्रेस वार्ता को प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह पटेल एवं शीला पंडित ने संबोधित किया।

इस दौरान वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, महिला नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का नेतृत्वकर्ता बनाना समय की आवश्यकता है।

प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी केवल पूजनीय नहीं, बल्कि सृजन, शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व की प्रतीक रही है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के नेतृत्व और सामर्थ्य का साक्षी रहा है। भारत की परंपरा में नारी सशक्तीकरण कोई नया विचार नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का अर्थ महिलाओं को केवल सुविधाएं और योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है। महिलाओं को लाभार्थी की भूमिका से आगे बढ़ाकर विकास की भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना होगा। परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के प्रत्येक स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होने से ही वास्तविक सशक्तीकरण संभव है।

प्रीति शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिला भागीदारी का ऐतिहासिक अध्याय है। 106वां संविधान संशोधन महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण संवैधानिक पहल है। यह महज आरक्षण नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण राजनीतिक अधिकार के साथ सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम बनेगा। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण में संवेदनशीलता, समावेशिता और सामाजिक उत्तरदायित्व मजबूत होगा। महिला नेतृत्व अगली पीढ़ी की बेटियों के लिए नए अवसर और आत्मविश्वास का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह विषय किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आवश्यकता है। इस पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सहमति बननी चाहिए।

प्रीति शेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में महिला सशक्तीकरण की सोच में व्यापक बदलाव आया है। पहले महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने पर जोर दिया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री ने महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें नेतृत्वकर्ता बनाने का संकल्प लिया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी सोच का परिणाम है, जो महिलाओं को देश की नीति और निर्णय निर्माण में प्रभावी भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण की अवधारणा को महिला कल्याण से आगे बढ़ाकर महिला नेतृत्व आधारित विकास की दिशा दी है। आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता, कृषि, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिलाओं की यह बढ़ती भागीदारी भारत की बदलती तस्वीर और आत्मनिर्भर समाज की मजबूत पहचान है।

उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व का अर्थ केवल संसद में महिलाओं की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। बेटियों को अवसर, महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व के लिए समान मंच मिलना चाहिए। महिलाओं की क्षमता पर संदेह करने के बजाय उनकी नेतृत्व क्षमता पर विश्वास स्थापित करना होगा। महिला नेतृत्व अपवाद नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जीवन की सामान्य विशेषता बनना चाहिए। उंन्होने कहा कि पीएम मोदी ने महिला सशक्तीकरण को जनकल्याण से आगे बढ़ाकर नेतृत्व से जोड़ने का काम किया है।

विधान परिषद सदस्य शीला पंडित ने कहा कि महिला आरक्षण सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आदिवासी, अनुसूचित जाति, ग्रामीण और वंचित वर्गों की महिलाओं को भी राजनीतिक भागीदारी के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की महिलाएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने वाली नेतृत्वकर्ता हैं। संसद और विधानसभाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को अधिक प्रतिनिधिक और समावेशी बनाएगी। महिला आरक्षण पर राष्ट्रीय सहमति समय की मांग है। राजनीतिक दलों को अपने मतभेदों से ऊपर उठकर महिलाओं के सम्मान, अधिकार और नेतृत्व के इस अवसर का समर्थन करना चाहिए। विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब देश की आधी आबादी विकास की भागीदार ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता भी बनेगी।

इस प्रेस पत्रकार में उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल, प्रवक्ता संगीता सिंह भी मौजूद रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story