जेपीयू मोबिल कांड में छात्र नेता विशाल सिंह की गिरफ्तारी पर भड़का शोध छात्र संगठन

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 12 जून (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में कुलपति पर मोबिल फेंकने के मामले में शोध छात्र संगठन के सीवान प्रभारी विशाल सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के विरोध में छपरा में आज संगठन द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रेस वार्ता में संगठन के संरक्षक उज्ज्वल कुमार सिंह और छात्र नेता गुलशन यादव शामिल हुए। छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर एक सोची-समझी और सुनियोजित साजिश के तहत छात्र नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसाने का सीधा आरोप लगाया है।

संरक्षक उज्ज्वल कुमार सिंह ने कहा कि आरएसए लगातार विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और शैक्षणिक अराजकता के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। जिन लोगों के काले कारनामों का संगठन ने पर्दाफाश किया है, उन्हीं के इशारे पर यह पूरा षड्यंत्र रचा गया है।

उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि छात्र नेता वास्तव में दोषी हैं, तो घटना का वीडियो फुटेज तुरंत सार्वजनिक किया जाए। आखिर किस आधार पर यह दमनकारी गिरफ्तारी की गई है, इसका जवाब विश्वविद्यालय प्रशासन को देना ही होगा। छात्र नेता गुलशन यादव ने कहा कि संगठन का इतिहास हमेशा संघर्ष और स्पष्टता का रहा है। उन्होंने कुलपति से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि प्रशासन को जवाब देना चाहिए कि छात्रों को अंकपत्र की हार्ड कॉपी समय पर क्यों नहीं मिल रही है, परिणामों में लगातार गड़बड़ियां क्यों हो रही हैं और डिग्री मिलने में महीनों का समय क्यों लग रहा है।

नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती है और छात्र नेता जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। शैक्षणिक अराजकता और भ्रष्टाचार के खिलाफ आरएसए का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और वे किसी भी मुकदमेबाजी के आगे घुटने नहीं टेकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story