दरभंगा जिला परिषद अध्यक्ष बनी रेणु देवी

WhatsApp Channel Join Now
दरभंगा जिला परिषद अध्यक्ष बनी रेणु देवी


दरभंगा, 10 जून (हि.स.)।

जिला परिषद, दरभंगा के अध्यक्ष पद के लिए आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में रेणु देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं। डॉ भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत वातावरण में संपन्न चुनाव प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए केवल रेणु देवी का ही नामांकन प्राप्त हुआ, जिसका दो जिला परिषद सदस्यों ने समर्थन किया। अन्य किसी प्रत्याशी के नामांकन नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया प्रेक्षक सह अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), समस्तीपुर राजेश कुमार सिंह की निगरानी में संपन्न हुई। परिणाम की घोषणा के बाद जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रेणु देवी को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने हेतु मद्यनिषेध की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन की एक महत्वपूर्ण इकाई है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि रेणु देवी के नेतृत्व में पंचायत स्तर तक विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला परिषद की भूमिका ग्रामीण आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य विकास योजनाओं के संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्वाचित अध्यक्ष की जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story