जलजमाव की समस्या पर गंभीर हुआ नगर निगम, हटाया अतिक्रमण

WhatsApp Channel Join Now
जलजमाव की समस्या पर गंभीर हुआ नगर निगम, हटाया अतिक्रमण


भागलपुर, 02 जून (हि.स.)। जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी के वासियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया।

कॉलोनी में लंबे समय से नासूर बनी जलजमाव की गंभीर समस्या पर नगर निगम ने कड़ा एक्शन लिया है। स्थानीय नागरिकों की बार-बार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और न सिर्फ अतिक्रमण को ध्वस्त किया, बल्कि सालों से जाम पड़े नाले की उड़ाही का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू करवा दिया।

स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, कैलाशपुरी कॉलोनी में स्थित एक निजी विद्यालय के संचालक कन्हैया कुमार द्वारा नाले और उसके आसपास की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था।

इस अतिक्रमण की वजह से नगर निगम की सफाई गाड़ियों और कर्मियों को नाले तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था और नाले की सफाई पूरी तरह ठप थी। नाला पूरी तरह चोक (जाम) हो जाने के कारण कैलाशपुरी कॉलोनी की स्थिति बद से बदतर हो गई थी। हल्के से पानी या रोजाना के इस्तेमाल के बाद नाले का बदबूदार और गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर जमा हो जाता था। स्थिति इतनी भयावह थी कि कई बार यह गंदा पानी लोगों के ड्राइंग रूम और आंगन तक में प्रवेश कर जाता था, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार मंडरा रहा था। बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद होने को मजबूर थे। जैसे ही नगर निगम को इस बात की पुख्ता शिकायत मिली कि एक रसूखदार व्यक्ति के अतिक्रमण के कारण पूरी कॉलोनी नरक झेल रही है, निगम प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया।

नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मोजाहिदपुर थाने की पुलिस टीम के साथ अमले-कमले के साथ कैलाशपुरी पहुंचा। टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों के विरोध के सुर ठंडे पड़ गए। निगम कर्मियों ने तुरंत नाले के ऊपर और आसपास से अवैध कब्जा हटाया और जेसीबी मशीनों के जरिए नाले की उड़ाही का काम शुरू कर दिया। महीनों बाद नाले से गाद और कचरा निकलता देख कैलाशपुरी कॉलोनी के लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त होने से अब जलजमाव से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई पर संतोष जताते हुए वार्ड के प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर आयुक्त और मेयर का आभार व्यक्त किया है। साथ ही, लोगों ने मांग की है कि इस नाले की केवल आज ही नहीं, बल्कि मानसून को देखते हुए नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि दोबारा ऐसी नौबत न आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story