अगस्त में सेवानिवृत्त 17 रेलकर्मियों को मिला समापक भुगतान, सम्मानपूर्वक दी गई विदाई

WhatsApp Channel Join Now
अगस्त में सेवानिवृत्त 17 रेलकर्मियों को मिला समापक भुगतान, सम्मानपूर्वक दी गई विदाई


बक्सर, 01 सितंबर (हि.स.)। दानापुर मंडल में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए 17 रेलकर्मियों के लिए सोमवार को मंडल सभागार में समापक भुगतान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) दानापुर राजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को अंगवस्त्र एवं समापक भुगतान से संबंधित दस्तावेज सौंपकर सम्मानित किया तथा उनके सुखद भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अतुल कुमार ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किए गए समापक भुगतान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि का सुरक्षित तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने रेलकर्मियों को असुरक्षित स्थानों पर राशि निवेश नहीं करने तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन जीने के संबंध में एक्युप्रेशर एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर दानापुर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ईसीआरईयू और एआईओबीसीआरई एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story