सासाराम-बक्सर-बलिया नई रेल लाइन की मांग, रेल मंत्री को सौंपा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
सासाराम-बक्सर-बलिया नई रेल लाइन की मांग, रेल मंत्री को सौंपा पत्र


बक्सर, 29 अगस्त (हि.स.)।

बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल संपर्क को बेहतर बनाने की मांग को लेकर सामाजिक संगठन ‘आपकी आवाज’ ने सासाराम-बक्सर-बलिया नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति देने की मांग उठाई है।

संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. निसार अहमद ने इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र भेजकर परियोजना का सर्वेक्षण कराने तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की मांग की है। 29 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में डॉ. निसार अहमद ने कहा है कि बिहार एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों की जनता लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता महसूस कर रही है। प्रस्तावित नई रेल लाइन के निर्माण से सासाराम से बक्सर होते हुए बलिया तक सीधा और बेहतर रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा।

पत्र में कहा गया है कि इस रेल परियोजना से क्षेत्र के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने के साथ-साथ व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। क्षेत्र के समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति देने में यह रेल लाइन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

डॉ अहमद ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि परियोजना का आवश्यक प्रारंभिक सर्वेक्षण (एफएलएस) कराया जाए, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाए तथा तकनीकी एवं आर्थिक व्यवहार्यता के आधार पर परियोजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर रेल मंत्रालय सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा। पत्र के साथ क्षेत्र का मानचित्र तथा जनसंख्या एवं व्यापार से संबंधित विवरण भी संलग्न किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story